भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल और व्यावसायिक शहर इंदौर के बीच का फासला आने वाले समय में कम होने जा रहा है। सरकार दोनों शहरों के बीच 160 किलोमीटर लंबा, 6-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। करीब 4000 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले इस कॉरिडोर के तैयार होने पर दोनों शहरों के बीच लगने वाला 4 घंटे का समय घटकर सिर्फ 2 से 2.5 घंटे रह जाएगा।
इस नए एक्सप्रेसवे की खास बात यह है कि इसे पुराने भोपाल-इंदौर मार्ग को चौड़ा करने के बजाय बिल्कुल नए रास्ते पर बनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य रास्ते में आने वाले कस्बों के ट्रैफिक, चौराहों और जाम की समस्या से बचाना है। यह पूरी तरह से एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होगा, जो भोपाल और इंदौर के बीच सीधा और तेज कनेक्टिविटी का विकल्प देगा। इससे न केवल आम यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पूरे पश्चिमी मध्य प्रदेश के आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
यह प्रोजेक्ट 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य
इस प्रोजेक्ट का एक बड़ा केंद्र बिंदु देवास और सीहोर जैसे जिलों को बेहतर कनेक्टिविटी देना है। राज्य सरकार ने इस परियोजना को 2028 तक पूरा करने की समय सीमा तय की है। वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले भव्य सिंहस्थ कुंभ मेले से पहले इसे चालू करने की तैयारी है, ताकि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवाजाही में कोई परेशानी न हो।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा
यह नया एक्सप्रेसवे मध्य प्रदेश के पूरे सड़क तंत्र का एक मजबूत आधार बनेगा। इसे अन्य प्रमुख मार्गों से जोड़ने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इंदौर की तरफ इस मार्ग को गरोठ-इंदौर लिंक के माध्यम से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा, जिससे भोपाल और इंदौर से दिल्ली या मुंबई जाना काफी सुगम हो जाएगा। इसके साथ ही यह मार्ग सीहोर-देवास क्षेत्र के पास प्रस्तावित नर्मदा एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा।
राज्य में बन रहे भोपाल-जबलपुर 255 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के साथ मिलकर यह पूरी परियोजना मध्य प्रदेश में हाई-स्पीड कनेक्टिविटी का एक विशाल नेटवर्क तैयार करेगी। भोपाल-जबलपुर मार्ग के बनने से भी दोनों शहरों के बीच का सफर 6 घंटे से घटकर महज 3 घंटे का रह जाएगा।