लसुड़िया पुलिस की दबिश में 6 मोबाइल, लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त; लाखों के सट्टे का हिसाब मिला, 4 हजार रुपए नकद भी बरामद
इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को लसुड़िया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने ही घर से मोबाइल और लैपटॉप के जरिए सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। पुलिस ने मौके से छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पेन ड्राइव, लाखों रुपए के लेन-देन का हिसाब दर्ज रजिस्टर और 4 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, लसुड़िया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर पर बैठकर भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। यहां एक व्यक्ति लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा साइट संचालित करते हुए हिसाब-किताब लिखता मिला।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कमलसिंह चंदेल बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के कारोबार में 10 प्रतिशत कमीशन लेता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो स्मार्टफोन, चार की-पैड मोबाइल, एचपी कंपनी का लैपटॉप, एक पेन ड्राइव, सट्टे के हिसाब का रजिस्टर और 4 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। पुलिस अब जब्त मोबाइल, लैपटॉप और रजिस्टर के आधार पर सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा लेन-देन की जानकारी जुटा रही है अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह।