कलेक्टर के औचक निरीक्षण के बाद महाकाल मंदिर प्रबंधन का बड़ा फैसला, पहली सवारी के तुरंत बाद हुए आदेश
उज्जैन। सावन के पहले सोमवार को बाबा महाकाल की भस्म आरती के दौरान सामने आई व्यवस्थागत खामियों के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक के औचक निरीक्षण के बाद भस्म आरती के प्रभारी आशीष दुबे और सहायक प्रभारी संजय सिंह परिहार उर्फ संजू बना को उनके दायित्व से हटा दिया गया। दोनों अधिकारियों को महाकाल लोक में निरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
उनकी जगह कोठार के सहायक प्रभारी महेंद्र काकड़े को भस्म आरती का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि प्रोटोकॉल शाखा में पदस्थ सावन प्रजापति को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, सावन के पहले सोमवार को कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक ने भस्म आरती के दौरान काफी देर तक मंदिर परिसर में रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों और श्रद्धालुओं से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण में कुछ गड़बड़ियां सामने आने के बाद पहली शाही सवारी संपन्न होते ही मंदिर प्रबंधन ने जिम्मेदार अधिकारियों में बदलाव के आदेश जारी कर दिए।
सावन माह में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के महाकाल दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रबंधन अब व्यवस्थाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने में जुट गया है। माना जा रहा है कि यह बदलाव श्रद्धालुओं की सुविधा, भस्म आरती की व्यवस्था में पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। फाइल फोटो