15 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; इंदौर समेत 5 जिलों में गांव-गांव पहुंच रहीं टीमें, 4 माह से अधिक उम्र के पशुओं को नि:शुल्क टीका
इंदौर। भेड़-बकरियों को पीपीआर (पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए इंदौर संभाग में व्यापक टीकाकरण अभियान चल रहा है। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 4 माह और उससे अधिक उम्र के भेड़-बकरियों को नि:शुल्क टीके लगाए जा रहे हैं। अब तक संभाग में 8 लाख 42 हजार 259 से अधिक पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
अभियान इंदौर, धार, अलीराजपुर, बड़वानी और बुरहानपुर जिलों में संचालित किया जा रहा है। पशुपालन विभाग की टीमें गांव-गांव और पशुपालकों के पशु समूहों तक पहुंचकर टीकाकरण कर रही हैं। टीकाकरण के साथ पशुपालकों को पशुओं की देखभाल और बीमारी से बचाव की जानकारी भी दी जा रही है।
2030 तक उन्मूलन का लक्ष्य
पीपीआर भेड़ और बकरियों में होने वाला अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जिसे सामान्य तौर पर भेड़-बकरी प्लेग भी कहा जाता है। संक्रमण गंभीर बीमारी के साथ पशुओं की मृत्यु का कारण भी बन सकता है। बीमारी की रोकथाम में समय पर टीकाकरण को सबसे प्रभावी उपाय माना गया है। भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक पीपीआर के उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। मध्यप्रदेश में अभियान का पहला चरण 2020 में शुरू हुआ था, जबकि वर्तमान में तीसरा चरण चल रहा है।
15 अक्टूबर तक टीकाकरण
संयुक्त संचालक पशुपालन इंदौर संभाग डॉ. मनीष इंगोले ने बताया कि अभियान 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। उन्होंने पशुपालकों से अपने सभी भेड़-बकरियों का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने और टीकाकरण दलों को सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीमार पशुओं को स्वस्थ पशुओं से अलग रखें और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सा संस्था या पशु चिकित्सक को सूचना दें, ताकि समय पर उपचार और रोग नियंत्रण की कार्रवाई की जा सके।
8.42 लाख से ज्यादा टीकाकरण
इंदौर संभाग में अब तक 8,42,259 से अधिक भेड़-बकरियों को पीपीआर का नि:शुल्क टीका लगाया जा चुका है। अभियान 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।