← वापस
इंदौर

बाइक के टूल बॉक्स में छिपा रखी थी 14 ग्राम ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बाइक के टूल बॉक्स में छिपा रखी थी 14 ग्राम ब्राउन शुगर, दो गिरफ्तार

 

इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने स्कीम नंबर 51 में दो युवकों को 14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। जब्त नशे की अनुमानित कीमत 1.40 लाख रुपए बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपए कीमत की हीरो स्प्लेंडर बाइक भी जब्त की गई। कुल जब्ती 1.90 लाख रुपए की है।

क्राइम ब्रांच की टीम 30 सितंबर को पंद्रहवीं बटालियन क्षेत्र में गश्त और चेकिंग करते हुए स्कीम नंबर 51 स्थित लेशा मैरिज गार्डन की पार्किंग पहुंची। यहां बाइक पर बैठे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान राहुल उर्फ यशु देशाई और अभिषेक उर्फ बाबा सोलंकी के रूप में हुई। बाइक की तलाशी लेने पर टूल बॉक्स से 14 ग्राम ब्राउन शुगर मिली।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 0155/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार राहुल के खिलाफ पहले से तीन मामले दर्ज हैं। अब दोनों से नशे के स्रोत, खरीदार और सप्लायर नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

क्राइम ब्रांच के मुताबिक 1 जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 73 मामलों में 160 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

खबरें और भी हैं...