तेजाजी नगर पुलिस ने 3 देशी पिस्टल, रिवॉल्वर, 4 कारतूस और बाइक समेत 2 लाख का माल जब्त; आरोपी के पुराने अपराध भी मिले
इंदौर। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ तेजाजी नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल हीरो पैशन प्लस बाइक जब्त की है। बरामद हथियार, कारतूस, बैग और वाहन की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को टीम आउटर कॉलोनी और बायपास क्षेत्र में संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कस्तूरबा ग्राम-रालामंडल रोड पर बाइक के साथ एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उसने बाइक पलटाकर भागने का प्रयास किया। संदेह होने पर टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मिथिलेश लश्करी (30), निवासी सुपर सिटी शांति नगर, महू के रूप में हुई। तलाशी में उसके कंधे पर टंगे बैग से 32 बोर की तीन देशी पिस्टल, एक देशी रिवॉल्वर और चार जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने बाइक क्रमांक MP09-DV-1751 भी जब्त कर ली।
अब हथियारों के नेटवर्क की तलाश
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे और इंदौर में किन लोगों को सप्लाई किए जाने थे। पुलिस को पूछताछ से हथियार तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के मुताबिक मिथिलेश के खिलाफ बाणगंगा थाने में मारपीट, बंधक बनाने और अपहरण सहित धाराओं में वर्ष 2021 में प्रकरण दर्ज है। तेजाजी नगर थाने में भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र मरकाम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।