कनेक्शन काटने की बात पर भड़का विवाद; पिता-पुत्र पर केस दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
उज्जैन। जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र के खरसौद खुर्द गांव में बिजली बिल की वसूली करने पहुंची विभागीय टीम पर हमले का मामला सामने आया है। बिल जमा कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें बिजली विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया। पुलिस ने किसान श्याम पंड्या और उसके बेटे अर्जुन के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग के वरिष्ठ परीक्षण सहायक ईश्वर भिलाला ने शिकायत में बताया कि टीम खरसौद खुर्द गांव में बिजली बिल की राशि जमा कराने पहुंची थी। इस दौरान किसान श्याम पंड्या ने बिल जमा करने से इनकार कर दिया। बिजली कनेक्शन काटने की बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि श्याम पंड्या ने कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसका बेटा अर्जुन भी मौके पर पहुंचा और उसने भी कर्मचारी के साथ मारपीट की।
हमले में ईश्वर भिलाला की बाईं आंख, सिर और कंधे में चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आने की जानकारी मिली है। मामले के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इंगोरिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी करणदीप सिंह ने बताया कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और सामने आए वीडियो की भी जांच कर रही है।