खराब ट्रांसफार्मर, अघोषित कटौती और बढ़े बिजली बिलों पर होगी सीधी समीक्षा; सीई एमपीईबी सागर संभाग रहेंगे मौजूद
दमोह। जिले में विद्युत व्यवस्था को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गंभीरता से लिया है। खराब ट्रांसफार्मर, अघोषित विद्युत कटौती और अधिक अथवा गलत बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के लिए 13 अगस्त, गुरुवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सीई एमपीईबी सागर संभाग भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
ट्रांसफार्मर नहीं बदले तो अधिकारियों से होगा सवाल
बैठक में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों, बार-बार हो रही अघोषित बिजली कटौती, पेयजल व्यवस्था पर पड़ रहे असर और उपभोक्ताओं को जारी किए जा रहे अधिक अथवा गलत बिजली बिलों सहित अन्य विद्युत समस्याओं की समीक्षा होगी। कलेक्टर ने कहा कि ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं कि निर्धारित 10 प्रतिशत बिल जमा होने के बावजूद कई स्थानों पर खराब ट्रांसफार्मर लंबे समय तक नहीं बदले जा रहे हैं। ऐसे मामलों में अधिकारियों से जवाब लिया जाएगा।
फेसबुक पर शिकायत करें, मोबाइल नंबर भी दें
कलेक्टर यादव ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब है और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी उसे नहीं बदला गया है, तो इसकी जानकारी कलेक्टर के फेसबुक पेज पर कमेंट के माध्यम से मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराएं। इसी तरह लगातार अथवा घंटों अघोषित बिजली कटौती होने, पेयजल सप्लाई प्रभावित होने या जनजीवन अस्त-व्यस्त होने की शिकायत भी फेसबुक के माध्यम से की जा सकती है।
गलत बिलों का होगा परीक्षण
अधिक राशि अथवा गलत बिजली बिलों की शिकायतों को भी समीक्षा में प्रमुखता से लिया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त शिकायतों को एमपीईबी अधिकारियों के पास भेजकर उनका परीक्षण कराया जाएगा। यदि जांच में बिल गलत पाया जाता है तो नियमानुसार उसमें सुधार कराया जाएगा।
लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि जांच या समीक्षा में किसी अधिकारी अथवा कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है और उसकी वजह से आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
सीई एमपीईबी की मौजूदगी में अधिकारियों से होगा जवाब-तलब
सीई एमपीईबी सागर संभाग की मौजूदगी में होने वाली बैठक को जिले की विद्युत व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में आमजन से प्राप्त शिकायतों को सामने रखकर अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली जाएगी और विद्युत व्यवस्था में सुधार, नियमित आपूर्ति तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।