एफपीपीए सरचार्ज 4.59 से बढ़कर 5.063%; 100 यूनिट पर 2.46 और 500 यूनिट पर 14.31 रुपए तक अतिरिक्त भार
भोपाल। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को अब बिल में एक बार फिर अतिरिक्त राशि चुकानी होगी। 24 सितंबर से 23 अक्टूबर तक जारी होने वाले बिजली बिलों में ईंधन एवं बिजली खरीदी समायोजन सरचार्ज यानी एफपीपीएएस 5.063 प्रतिशत की दर से जोड़ा जाएगा। अभी यह दर 4.59 प्रतिशत थी। यानी इसमें 0.473 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर हर उपभोक्ता के बिल पर पड़ेगा, हालांकि वास्तविक राशि खपत और ऊर्जा शुल्क के स्लैब के अनुसार अलग-अलग होगी।
बिजली खरीदी समायोजन सरचार्ज पूरे बिल पर नहीं, बल्कि ऊर्जा शुल्क पर लगाया जाता है। उदाहरण के तौर पर 300 यूनिट की खपत पर ऊर्जा शुल्क 1,576.50 रुपए होने पर 5.063 प्रतिशत के हिसाब से सरचार्ज करीब 79.82 रुपए बनेगा। वहीं 500 यूनिट पर 3,024.50 रुपए के ऊर्जा शुल्क पर यह राशि करीब 153.23 रुपए होगी।
खपत बढ़ी तो जेब पर असर भी बढ़ेगा
बिजली मामलों के जानकार एवं सेवानिवृत्त एडिशनल चीफ इंजीनियर राजेंद्र अग्रवाल के अनुसार पिछली 4.59 प्रतिशत दर की तुलना में 300 यूनिट खपत पर करीब 7.46 रुपए और 500 यूनिट पर करीब 14.31 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। 100 यूनिट पर करीब 2.46 रुपए और 200 यूनिट पर करीब 4.12 रुपए की अतिरिक्त राशि बनेगी।
पूरे बिल पर नहीं लगेगा 5.063%
सरचार्ज को लेकर यह समझना जरूरी है कि उपभोक्ता को पूरे बिल की राशि पर 5.063 प्रतिशत अतिरिक्त नहीं देना होगा। यह ऊर्जा शुल्क पर लागू होगा। वास्तविक बिल में फिक्स्ड चार्ज, बिजली शुल्क, मीटर शुल्क, सब्सिडी सहित अन्य मद भी शामिल होते हैं। इसलिए अंतिम बिल की राशि प्रत्येक उपभोक्ता के लिए अलग हो सकती है। भोपाल में 100 यूनिट मासिक खपत करने वाले करीब दो लाख उपभोक्ताओं पर भी इसका असर पड़ेगा।