← वापस
इंदौर

बीजलपुर में आज से सामूहिक पूजन, अच्छी बारिश और फसलों की सुरक्षा की होगी प्रार्थना  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बीजलपुर में आज से सामूहिक पूजन, अच्छी बारिश और फसलों की सुरक्षा की होगी प्रार्थना

 

दो दिन चलेगा धार्मिक अनुष्ठान; खेतों में होगी बाग रसोई, 26 अगस्त शाम 4 बजे धार पूर्ण के साथ होगा समापन

इंदौर। अच्छी बारिश, फसलों की सुरक्षा और गांव में सुख-समृद्धि की कामना को लेकर बीजलपुर में ग्रामवासियों की ओर से दो दिवसीय सामूहिक पूजन का आयोजन किया जा रहा है। भगवान इंद्रदेव को प्रसन्न करने के साथ सभी जीव-जंतुओं की सुरक्षा के लिए ग्रामीण सामूहिक प्रार्थना करेंगे। अनुष्ठान की शुरुआत आज 25 अगस्त को दोपहर 2 बजे खेड़ापति हनुमान मंदिर, माली चौक बीजलपुर से होगी। यहां ग्राम के देवी-देवताओं का पूजन किया जाएगा।

   आयोजन के दौरान गांव में परंपरा के अनुसार धार बंद रहेगी। ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामूहिक पूजा में सहभागिता करने की अपील की गई है।

    खेतों में होगी बाग रसोई

अनुष्ठान के दूसरे दिन 26 अगस्त को बाग रसोई का आयोजन होगा। किसान परिवार अपने-अपने खेतों पर भोजन बनाएंगे और अच्छी बारिश, फसलों की सुरक्षा व सभी के सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। ग्रामीण इसे प्रकृति और खेती-किसानी से जुड़ी सामूहिक परंपरा के रूप में मनाएंगे।

     शाम 4 बजे होगा समापन

दो दिवसीय अनुष्ठान का समापन 26 अगस्त शाम करीब 4 बजे होगा। इसी के साथ धार पूर्ण की जाएगी। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है। ग्रामवासियों ने क्षेत्र के लोगों से भी धार्मिक आयोजन में शामिल होकर सामूहिक प्रार्थना में सहभागिता करने की अपील की है।

           धार बंद क्यों?

धार बंद बीजलपुर की पारंपरिक सामूहिक धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। अनुष्ठान के दौरान गांव में चाकू आदि से सब्जी काटने सहित धार वाले औजारों का उपयोग नहीं किया जाता। ग्रामीण इसे सामूहिक पूजा, प्रकृति के प्रति सम्मान और सभी जीव-जंतुओं की सुरक्षा की भावना से जोड़कर देखते हैं। 26 अगस्त शाम 4 बजे पूजा पूर्ण होने के बाद धार खोली जाएगी।

खबरें और भी हैं...