इंदौर। खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग में एक निजी बैंक की 26 वर्षीय कर्मचारी का जला हुआ शव किराए के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हरदा जिले के टिमरनी निवासी पलक (26) के रूप में हुई है, जो इंदौर के बिजनेस पार्क स्थित एक निजी बैंक में कार्यरत थी। वह पिछले चार वर्षों से यहां अकेले रह रही थी।
बताया गया कि पिछले दो दिनों से पलक का मोबाइल फोन बंद आ रहा था। चिंतित परिजनों ने मकान मालिक से संपर्क कर हालचाल जानने को कहा। जब मकान मालिक ने आसपास के लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला तो रसोई में युवती का जला हुआ शव पड़ा मिला। मौके पर गैस बर्नर खुला मिला और वह छोटे गैस सिलेंडर का उपयोग करती थी।
मामला उस समय और पेचीदा हो गया, जब जांच के दौरान युवती के सिर पर चोट के निशान भी मिले। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या, हादसा और हत्या—तीनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही खजराना थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।