← वापस
धार

बैंक कर्मचारियों की 5-डे वर्किंग की मांग, 28 से 30 तक देशव्यापी हड़ताल

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बैंक कर्मचारियों की 5-डे वर्किंग की मांग, 28 से 30 तक देशव्यापी हड़ताल

बैंक कर्मचारियों की 5-डे वर्किंग की मांग, 28 से 30 तक देशव्यापी हड़ताल

पांच दिन बंद रहने से बचेंगी बैंकिंग सेवाएं; 27सितंबर रविवार को खुलेंगी बैंक शाखाएं, ग्राहक पहले निपटा लें जरूरी काम

धार। बैंक कर्मचारियों की 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर देशभर में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान के बाद बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है। हड़ताल से पहले सरकार ने ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए 27 सितंबर, रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्णय लिया है। इस दिन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्यदिवस की तरह काम करेंगे।

दरअसल, 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार को सामान्यतः बैंकिंग अवकाश रहता है। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल है। ऐसे में लगातार पांच दिन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। इसे देखते हुए 27 सितंबर को बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है, ताकि ग्राहक जरूरी लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा सकें।

          5-डे वर्किंग लागू करने की मांग

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है। यूनियनों के अनुसार मार्च 2024 के द्विपक्षीय वेतन पुनरीक्षण समझौते में 5-डे वर्किंग को लेकर सहमति बनी थी और समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए थे। यूनियनों का कहना है कि इसके बावजूद व्यवस्था लागू नहीं की गई है। 22 सितंबर को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और वित्तीय सेवा विभाग के साथ हुई सुलह वार्ता भी बेनतीजा रही, जिसके बाद हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया।

    अर्धवार्षिक क्लोजिंग से पहले बढ़ी चिंता

30 सितंबर को बैंकों की अर्धवार्षिक क्लोजिंग होने के कारण यह सप्ताह बैंकिंग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। हड़ताल होने पर रिकॉर्ड मिलान, प्रावधान, ट्रेजरी और अन्य वित्तीय कार्य प्रभावित हो सकते हैं। इसी को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से हड़ताल स्थगित करने की अपील की गई है।

       जरूरी लेन-देन पहले कर लें

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति ने ग्राहकों से अपील की है कि वे जरूरी बैंकिंग कार्य 25 सितंबर तक निपटा लें। नकदी की आवश्यकता हो तो पहले से व्यवस्था करने और एटीएम का उपयोग करने की सलाह दी गई है। हड़ताल के दौरान इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई सहित डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है। हालांकि शाखा स्तर के काम प्रभावित हो सकते हैं।

हड़ताल में शामिल कर्मचारियों पर नो वर्क-नो पे का नियम लागू हो सकता है, यानी हड़ताल के दिनों के वेतन में कटौती की जा सकती है।

खबरें और भी हैं...