← वापस
इंदौर

ब्लैक स्पॉट सुधारें, सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती; बिना बीमा वाहनों पर भी बनेगी नीति  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ब्लैक स्पॉट सुधारें, सड़क किनारे पार्किंग पर सख्ती; बिना बीमा वाहनों पर भी बनेगी नीति

 

सुप्रीम कोर्ट की समिति ने इंदौर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की, न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने दिए निर्देश

इंदौर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति ने अहम समीक्षा बैठक की। एआईसीटीएसएल कार्यालय में समिति अध्यक्ष न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे की अध्यक्षता में हुई बैठक में ब्लैक स्पॉट,सड़क निर्माण की खामियों,यातायात नियमों के पालन और हादसों के कारणों पर चर्चा हुई।

 न्यायमूर्ति सप्रे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हादसे संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जरूरी सुधार और सड़क सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं। सड़कों की बनावट में ऐसी खामियां नहीं रहनी चाहिए, जिनसे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़े। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

 बैठक में बिना बीमा चल रहे वाहनों को लेकर नीति बनाने पर भी विचार हुआ। वहीं सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई और उपलब्ध पार्किंग स्थलों के अधिक उपयोग पर जोर दिया गया।

   सड़क हादसों को रोकने के लिए अधिकारियों को इंजीनियरिंग, प्रवर्तन और जागरूकता—तीनों स्तरों पर एक साथ काम करने के निर्देश दिए गए।

    अब निगाह इस बात पर है कि समिति के निर्देशों के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा में जमीन पर कितना बदलाव दिखाई देता है।

खबरें और भी हैं...