← वापस
इंदौर

बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सड़क पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, कीचड़ में बैठे चिंटू चौकसे  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सड़क पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, कीचड़ में बैठे चिंटू चौकसे

 

इंदौर। बॉम्बे हॉस्पिटल के पास वर्षों से बदहाल पड़ी सर्विस रोड को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से परेशान लोगों की समस्या को लेकर कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने मंगलवार को इसी कीचड़युक्त सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

     कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बॉम्बे हॉस्पिटल के आसपास की सर्विस रोड लंबे समय से खराब हालत में है। बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है। सड़क पर गड्ढों के साथ कीचड़ और पानी जमा होने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

    निगम प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार निगम प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी के विरोध में चिंटू चौकसे सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने पहुंचे। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों को मौके की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए, ताकि समस्या की गंभीरता समझ में आए।

  प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की तत्काल मरम्मत और गड्ढे भरने की मांग की। उनका कहना है कि सिर्फ बारिश के दौरान अस्थायी सुधार के बजाय सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाना चाहिए।

      5 दिन का अल्टीमेटम

कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि अगले पांच दिनों में यदि सड़क के गड्ढे नहीं भरे गए तो कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने निगम प्रशासन और महापौर से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

   अब देखना यह है कि कांग्रेस के प्रदर्शन और पांच दिन के अल्टीमेटम के बाद नगर निगम इस बदहाल सर्विस रोड की स्थिति सुधारने के लिए क्या कदम उठाता है।

खबरें और भी हैं...