← वापस
धार

बिना कागजात दौड़ रहा था 75 क्विंटल अवैध लकड़ी से लदा आयशर,उड़नदस्ते ने दबोचा  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
बिना कागजात दौड़ रहा था 75 क्विंटल अवैध लकड़ी से लदा आयशर,उड़नदस्ते ने दबोचा

 

धार। वन संपदा की तस्करी और अवैध परिवहन के खिलाफ वन विभाग के उड़नदस्ते ने लगातार चौथी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के लकड़ी ले जा रहे आयशर वाहन को पकड़ लिया। वाहन में करीब 75 क्विंटल आरा-काट लकड़ी मिली है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 25 हजार 500 रुपए बताई गई है। विभाग अब लकड़ी के स्रोत और परिवहन से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच कर रहा है।

   कार्रवाई वन मंडलाधिकारी धार विजयानंथम टीआर के निर्देशन में उड़नदस्ता प्रभारी राजेंद्र राठौर की टीम ने की। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी।

    इसी दौरान घाटा-बिल्लौद-धार मार्ग पर तेज गति से जाता आयशर वाहन दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रुकवाया। तलाशी में वाहन क्रमांक एमपी09 जीजी 1663 में बड़ी मात्रा में लकड़ी मिली। चालक अरुण पिता नंदराम, निवासी गौतमपुरा से लकड़ी परिवहन की अनुमति और अन्य वैध दस्तावेज मांगे गए,लेकिन वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

  इसके बाद टीम ने वाहन को अभिरक्षा में लेकर आगे की जांच के लिए मांडव रोड स्थित वन विश्रामगृह,धार पहुंचाया। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और किस आरा मशीन पर चिराना किया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।

वन मंडलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज वन संपदा का परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उड़नदस्ता टीम की इस कार्रवाई में प्रभारी राजेंद्र राठौर सहित कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

खबरें और भी हैं...