← वापस
मध्यप्रदेश

बैरिकेड तोड़ भागे लकड़ी माफिया: पीछा कर दबोचा, अवैध सागौन से भरा आयशर जब्त; राजस्थान कनेक्शन की जांच

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बैरिकेड तोड़ भागे लकड़ी माफिया: पीछा कर दबोचा, अवैध सागौन से भरा आयशर जब्त; राजस्थान कनेक्शन की जांच

देवास में वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार; एक महीने में सागौन तस्करी का तीसरा मामला

देवास। जिले के जिनवानी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने बिजवाड़ पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध सागौन लकड़ी से भरा एक आयशर वाहन जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो वन माफियाओं को गिरफ्तार किया गया। वाहन राजस्थान पासिंग का होने से अंतरराज्यीय लकड़ी तस्कर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जिनवानी-कांटाफोड़ मार्ग से अवैध सागौन लकड़ी से भरा एक वाहन गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही वन अमले ने नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड तोड़कर फरार होने लगा। इसके बाद वन विभाग और पुलिस ने उसका पीछा किया।

भागने के दौरान आयशर वाहन ने सड़क पर मौजूद दो गायों को टक्कर मार दी, जिसमें एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ दूरी पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान आरोपियों से सागौन लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद वन विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी और आयशर वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

एसडीओ वन विकास मोहरे ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि लकड़ी कहां से काटी गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। वाहन राजस्थान पंजीयन का होने के कारण अंतरराज्यीय तस्करी के एंगल से भी जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि जिनवानी वन परिक्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर सागौन तस्करी का यह तीसरा मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय वन माफिया और उनके नेटवर्क को लेकर वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।

खबरें और भी हैं...