← वापस
इंदौर

बारोली टोल पर वन विभाग का शिकंजा,आयशर,ट्रक और 407 सहित तीन वाहन पकड़े; लकड़ी मंडी के अवैध कारोबार पर कब होगी कार्रवाई?  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बारोली टोल पर वन विभाग का शिकंजा,आयशर,ट्रक और 407 सहित तीन वाहन पकड़े; लकड़ी मंडी के अवैध कारोबार पर कब होगी कार्रवाई?

 

रालामंडल एसडीओ सुभाष शर्मा की टीम ने मुखबिर की सूचना पर पकड़े वाहन, प्रिती शाक्य की पूर्व कार्रवाई के बाद फिर उठे निगरानी के सवाल; आरा मशीनों पर उतर रही गोल लकड़ियों और संदिग्ध ट्रांजिट पास की जांच की मांग

इंदौर। वन संपदा के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के दावों के बीच वन विभाग ने बारोली टोल पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी के अवैध गुटके-फाचरे से भरे तीन वाहन पकड़े हैं। रालामंडल एसडीओ सुभाष शर्मा की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर इंदौर-उज्जैन रोड स्थित अरविंदो अस्पताल के आगे बारोली टोल के पास यह कार्रवाई की। पकड़े गए वाहनों में एक आयशर (MP09-GF-3558)‌ एक ट्रक (MP08-GA-1260) और एक 407 वाहन (MP13-GB-2663) शामिल हैं। तीनों वाहनों को जब्त कर नवरतन बाग स्थित वन विभाग मुख्यालय लाया गया।

    एसडीओ सुभाष शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। शर्मा की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर वाहनों को पकड़ा। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए वाहन इंदौर रेंज की रेंजर संगीता ठाकुर को सौंपे गए हैं।

  प्रिती शाक्य की कार्रवाई ने भी खोली थी पोल

इससे पहले तत्कालीन रेंजर और वर्तमान एसडीओ प्रिती शाक्य ने लकड़ी मंडी में अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रांजिट पास (टीपी) वाले दो ट्राले पकड़े थे। उनकी इस कार्रवाई से लकड़ी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा था। प्रिती शाक्य की कार्रवाई ने यह सवाल भी खड़ा किया था कि आखिर लकड़ी मंडी तक पहुंचने वाली गोल लकड़ियों का वास्तविक स्रोत क्या है और उनके परिवहन के दस्तावेज कितने वैध हैं?

  छह महीने से गश्ती दल,फिर भी सवाल बरकरार

डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने अवैध लकड़ी परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विशेष गश्ती दल गठित किया है। चर्चा है कि छह महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी दल की कार्रवाई का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है। कितने वाहन पकड़े गए, कितने प्रकरण दर्ज हुए और कितने मामलों में जुर्माना लगाया गया,यह जानकारी सार्वजनिक होना चाहिए।

     फर्जी टीपी के नेटवर्क की जांच जरूरी

लकड़ी मंडी में राज्यस्तरीय उड़नदस्ते ने भी दो संदिग्ध वाहन पकड़े थे। आरोप था कि इनमें कथित फर्जी ट्रांजिट पास यानी 'कबूतर टीपी' का इस्तेमाल किया गया। इस मामले में अरमान और नईम की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। मामले की जांच और गिरफ्तारी की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।

  अब बड़ा सवाल यह है कि एसडीओ सुभाष शर्मा की टीम ने सड़क पर तीन वाहन पकड़कर कार्रवाई की शुरुआत तो कर दी,लेकिन क्या वन विभाग की जांच लकड़ी मंडी की आरा मशीनों तक पहुंचेगी? रातोंरात उतरने वाली गोल लकड़ियों का स्रोत,टीपी और वन माफियाओं के नेटवर्क की जांच होगी या कार्रवाई केवल सड़क पर वाहन पकड़ने तक सीमित रहेगी?

खबरें और भी हैं...