अकोला। अकोला तहसील के घुसर, दोनवाडा, आपातापा, म्हैसांग सहित आसपास के गांवों में किसान अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पर्याप्त वर्षा नहीं होने से सोयाबीन और कपास की फसलें संकट में हैं। हालांकि पिछले दो दिनों में हुई हल्की बारिश से फसलों को कुछ राहत मिली है, लेकिन यह उनकी बेहतर बढ़वार के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा रही।
बारिश थमते ही किसानों ने अंकुरित फसलों को बचाने के लिए खाद डालना और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू कर दिया है। कृषि कार्यों में किसान पूरी मेहनत से जुटे हैं, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो कई क्षेत्रों में दोबारा बुवाई की नौबत आ सकती है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं।