बलवाड़ी में रातभर की तेज बारिश से बढ़ा संकट, नई पुलिया से शुरू कराया गया आवागमन, ग्रामीण बोले—सीसी सड़क भी उखड़ने लगी
सेंधवा (बड़वानी)। बड़वानी जिले के सेंधवा तहसील स्थित बलवाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अरुणावती नदी उफान पर आ गई, जिससे पुरानी पुलिया तेज बहाव में पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिया टूटने से आसपास के कई गांवों का संपर्क बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत के तौर पर सेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित नई पुलिया से आवागमन शुरू करा दिया है। हालांकि इस पुलिया का अभी तक औपचारिक उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन आपात स्थिति को देखते हुए इसे लोगों के लिए खोल दिया गया, जिससे ग्रामीणों को कुछ राहत मिली।
इधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाल ही में बनी वरला-दूधखेड़ा सीमेंट-कंक्रीट सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क कई स्थानों से उखड़ने लगी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जबकि पुलिया पर डाली गई कंक्रीट की परत भी निकलने लगी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि टूटी हुई पुरानी पुलिया की शीघ्र मरम्मत कर स्थायी रूप से यातायात बहाल किया जाए। साथ ही नई सड़क और पुलिया के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषी एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी-नालों के आसपास सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है।