पिंपराला में कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने फसलों का जायजा लिया; पानी, चारा और बिजली की व्यवस्था प्राथमिकता
बुलढाणा/खामगांव। बारिश की कमी और अनियमित वर्षा से फसलों पर मंडरा रहे संकट के बीच सरकार ने किसानों की सुध लेना शुरू कर दिया है। कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे और श्रम मंत्री आकाश फुंडकर ने खामगांव तहसील के पिंपराला में किसानों के खेतों का दौरा कर फसलों की स्थिति देखी। दोनों मंत्रियों ने प्रभावित किसानों से सीधे बातचीत कर सूखे के असर और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
कृषि मंत्री भरणे ने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में हर पात्र किसान का पंचनामा सही और तत्काल किया जाए, ताकि कोई किसान राहत से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और नुकसान के आधार पर हरसंभव मदद की जाएगी।
मंत्री ने जिला प्रशासन को फसल नुकसान के साथ पीने का पानी, सिंचाई, पशुओं के चारे और बिजली आपूर्ति जैसे जरूरी मुद्दों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। इसके आधार पर किसानों के लिए राहत संबंधी निर्णय लिया जाएगा।
दौरे के दौरान कृषि आयुक्त सूरज मांडरे, एसडीओ डॉ. रामेश्वर पुरी, तहसीलदार सुनील पाटिल सहित प्रशासन, कृषि विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।