किसान दोहरी मार
डेढ़ फीट तक जलभराव से राहगीरों की मुश्किल बढ़ी, उड़द-सोयाबीन पहले ही प्रभावित
शाहपुर। करीब एक घंटे की बारिश ने छोटी मांगरोन गांव में ग्रामीणों और किसानों की परेशानी बढ़ा दी। सागर-शाहपुर मार्ग से देवरी-पथरिया की ओर जाने वाले रास्ते पर स्थित गांव में बारिश के बाद सड़क पर करीब डेढ़ फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे रहे कि सड़क और पानी के बीच अंतर करना मुश्किल हो गया। पैदल राहगीरों से लेकर बाइक और सवारी वाहन चालकों को इसी पानी के बीच से गुजरना पड़ा।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क किनारे बारिश के पानी की निकासी के लिए नाली या स्थायी व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि हर बारिश में पानी सड़क पर जमा हो जाता है। ग्रामीण लंबे समय से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
खेतों में भी जलभराव, फसल बचाना चुनौती
बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। उड़द और सोयाबीन की फसल पहले ही प्रभावित हो चुकी है। अब खेतों में पानी भरने से खड़ी फसल को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। कुछ किसानों ने फसल काटकर खेत में रखी है, लेकिन पानी भरने से उसे भी सुरक्षित रखना मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है। सड़क किनारे नाली और उचित जल निकासी की व्यवस्था होने से समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। अब ग्रामीण स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।