← वापस
धार

बारिश रूठी, सोयाबीन की उम्मीद भी टूटी  

आशीष यादव
आशीष यादव
बारिश रूठी, सोयाबीन की उम्मीद भी टूटी

 

दाना भरने के वक्त खेतों में नमी का संकट; कम उत्पादन के साथ भाव ने बढ़ाई किसानों की चिंता, लागत निकालना भी मुश्किल

 धार।‘पीला सोना’ कही जाने वाली सोयाबीन की फसल इस बार किसानों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। शुरुआत में बारिश के बाद अच्छी फसल की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब दाना भरने के महत्वपूर्ण समय में मानसून की बेरुखी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। जिले के कई इलाकों में खेतों की नमी तेजी से कम हो रही है। शुरुआती वैरायटी की सोयाबीन की कटाई शुरू हो गई है, लेकिन किसानों के मुताबिक कई जगह उत्पादन उम्मीद से काफी कम मिल रहा है।

       इस बार फसल पर मौसम के साथ कीट प्रकोप और पीलेपन की भी मार रही। अब बारिश की कमी ने स्थिति और बिगाड़ दी है। खासकर निचले क्षेत्रों में सोयाबीन के उत्पादन पर ज्यादा असर पड़ने की बात किसान बता रहे हैं। खेतों में खड़ी फसल में दाने अपेक्षाकृत छोटे रहने और दाना भरने की प्रक्रिया प्रभावित होने की चिंता है। किसानों को अब अंतिम दौर में एक-दो अच्छी बारिश की उम्मीद है, ताकि फसल को पर्याप्त नमी मिल सके।

      लागत बढ़ी, उत्पादन घटने का डर

सोयाबीन की बोवनी से लेकर खाद, बीज, दवा, निराई-गुड़ाई, मजदूरी और डीजल तक किसान लगातार खर्च कर चुका है। किसानों का कहना है कि मजदूरी और कटाई के लिए हार्वेस्टर के खर्च भी बढ़ गए हैं। ऐसे में यदि उत्पादन घटा तो प्रति बीघा लागत निकालना मुश्किल हो सकता है।

   अनारद के किसान नारायण सिंह डोडिया के अनुसार, शुरुआती वैरायटी में इस बार करीब 2 से 3 क्विंटल प्रति बीघा उत्पादन मिल रहा है। उनका कहना है कि बीमारी और कम बारिश के कारण नुकसान बढ़ा है और मौजूदा भाव में लागत निकालना चुनौती बन गया है।

        भाव ने भी नहीं दी राहत

किसानों की परेशानी सिर्फ खेत तक सीमित नहीं है। मंडी में सोयाबीन के भाव को लेकर भी किसान चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि उत्पादन कम होने की आशंका के बावजूद उन्हें उपज का ऐसा भाव नहीं मिल रहा, जिससे बढ़ी हुई लागत की भरपाई हो सके। उनका कहना है कि सोयाबीन तेल के दाम बढ़ने के बावजूद किसान की कच्ची उपज का मूल्य अपेक्षित राहत नहीं दे रहा।

    सकतली के किसान राजू यादव का कहना है कि खेती में लागत लगातार बढ़ रही है। सरकार खेती को लाभ का धंधा बनाने की बात करती है, लेकिन जमीन पर किसान को मौसम, मजदूरी, महंगे संसाधन और उपज के भाव—चारों तरफ से चुनौती मिल रही है।

       चार कारणों से फसल पर असर

किसानों के मुताबिक इस बार सोयाबीन की स्थिति बिगड़ने के पीछे समय पर पर्याप्त बारिश नहीं होना, कीट प्रकोप, बढ़ती लागत के मुकाबले कम उत्पादकता और अलग-अलग वैरायटी पर मौसम का विपरीत असर प्रमुख कारण हैं। किसानों को उम्मीद है कि अब होने वाली बारिश से सोयाबीन के साथ अन्य खरीफ फसलों को भी राहत मिलेगी।

खबरें और भी हैं...