← वापस
मध्यप्रदेश

बैरियर तोड़कर भाग रहे मवेशियों से भरे ट्रक को परासिया में पकड़ा: पुलिस-बजरंग दल की संयुक्त कार्रवाई, 40 गौवंश मुक्त  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बैरियर तोड़कर भाग रहे मवेशियों से भरे ट्रक को परासिया में पकड़ा: पुलिस-बजरंग दल की संयुक्त कार्रवाई, 40 गौवंश मुक्त  

सिवनी से न्यूटन बैरियर तोड़कर फरार हुआ था ट्रक, परासिया बायपास पर घेराबंदी कर चालक गिरफ्तार; पशु क्रूरता के आरोप में सख्त कार्रवाई की मांग

     परासिया। रविवार सुबह परासिया बायपास पर पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मवेशियों से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक सिवनी की ओर से आ रहा था और हर्रई मार्ग से गुजरते हुए न्यूटन क्षेत्र के बैरियर को तोड़कर तेज रफ्तार से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से आसपास के थानों को अलर्ट किया और परासिया बायपास पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। कार्रवाई के दौरान चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

       पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें करीब 40 गौवंश बेहद अमानवीय परिस्थितियों में ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले। कई पशु घबराए हुए थे और उन्हें सांस लेने तक में कठिनाई हो रही थी। पुलिस और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तत्काल ट्रक का दरवाजा खुलवाकर सभी गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें राहत पहुंचाई। इसके बाद सभी पशुओं को आवश्यक देखरेख के लिए मेघा सिवनी स्थित काजी हाउस भेज दिया गया।

       घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गौवंश का अवैध परिवहन किया जा रहा था और पशुओं के साथ क्रूरता की गई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, गौवंश संरक्षण से जुड़े प्रावधानों तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की।

     पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में परिवहन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि गौवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...