इंदौर। रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने यात्री बसों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के मार्गदर्शन में विभाग की टीम ने रेडिसन चौराहा और स्टार चौराहा रोड क्षेत्र में बसों की जांच की।
अभियान में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली करने वाले वाहनों की जांच की गई। बिना वैध परमिट चल रही बस क्रमांक BR-06 PH-1195 को जब्त किया गया। वहीं बिना पंजीयन संचालित एक अन्य बस भी मौके पर जब्त की गई। नियमों के उल्लंघन पर विभाग ने कुल 1.24 लाख रुपए का जुर्माना वसूला।
जांच के दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी देखी गई। बस संचालकों को ओवरलोडिंग नहीं करने और यात्रियों से निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। यह कार्रवाई परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले द्वारा की गई।