← वापस
मध्यप्रदेश

बस यात्रियों को जल्द राहत, किराया घटाने की तैयारी!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
बस यात्रियों को जल्द राहत, किराया घटाने की तैयारी!

 

60% तक बढ़ोतरी के बाद सरकार ने मांगी दोबारा समीक्षा रिपोर्ट; ऑपरेटरों से भी लिए जाएंगे सुझाव

भोपाल। प्रदेश में बस से सफर करने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकती है। पांच साल बाद बढ़ाए गए यात्री बस किराए की सरकार अब दोबारा समीक्षा कराने जा रही है। मुख्यमंत्री के प्रदेशभर के दौरों के दौरान यात्रियों से मिले फीडबैक में बढ़ा किराया खासकर मजदूर, कर्मचारी, विद्यार्थी और ग्रामीण यात्रियों के लिए आर्थिक बोझ बनने की बात सामने आई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग को किराया वृद्धि का दोबारा परीक्षण कर युक्तियुक्तकरण करने के निर्देश दिए हैं।

जनता का दर्द सामने आया तो फिर समीक्षा

सरकार के सामने चुनौती यात्रियों को राहत देने के साथ निजी बस ऑपरेटरों के आर्थिक हितों को सुरक्षित रखने की भी है। इसी वजह से नई दर तय करने से पहले बस संचालकों और बस ओनर्स एसोसिएशन से सुझाव लिए जाएंगे। परिवहन विभाग जल्द प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सकता है।

प्रदेश में करीब पांच साल बाद इसी साल अगस्त के पहले सप्ताह में बस किराए में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। सामान्य यात्री बस का किराया 1.25 रुपए से बढ़ाकर 2 रुपए प्रति किमी किया गया। अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए सामान्य किराए से 25 से 75 प्रतिशत तक अधिक दर तय की गई।

एसी लग्जरी बस का किराया 3.50 रुपए/किमी तक

बिना एसी डीलक्स बस का किराया सामान्य बस से 25 प्रतिशत, एसी डीलक्स का 50 प्रतिशत और सुपर लग्जरी एसी बस का 75 प्रतिशत अधिक निर्धारित किया गया। एसी लग्जरी बसों का अधिकतम किराया करीब 3.50 रुपए प्रति किमी तक पहुंच गया। न्यूनतम किराया भी 7 से बढ़ाकर 10 रुपए किया गया।

सरकार ने उस समय डीजल, स्पेयर पार्ट्स, टोल टैक्स, बीमा और वाहन रखरखाव की बढ़ती लागत को किराया वृद्धि का आधार बनाया था। अब अलग-अलग जिलों से मिले फीडबैक के बाद सरकार ऐसा संतुलित किराया तय करने की तैयारी में है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ कम हो और बस संचालकों को भी घाटे का सामना न करना पड़े।

खबरें और भी हैं...