इंदौर। बेसमेंट के दुरुपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर नगर निगम ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर भवन अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण कर तीन बेसमेंट सील किए, जबकि सड़क पर अतिक्रमण करने पर 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
झोन-22 के वार्ड 31 में पीयू-4 स्थित होटल सिल्वोटेल के पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट में किचन संचालित मिला। स्वीकृत उपयोग के विपरीत पाए जाने पर बेसमेंट सील कर दिया गया। झोन-9 की डायमंड कॉलोनी में भी बेसमेंट का अनधिकृत उपयोग मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई हुई। वहीं अपोलो स्क्वायर, जंजीरवाला स्क्वायर के पास बेसमेंट में स्वीकृत उपयोग के विपरीत शॉप-कम-रेस्टोरेंट संचालित मिला, जिसे भी सील किया गया।
झोन-8 में सड़क पर अतिक्रमण के मामले में संबंधित भूस्वामी पर 50 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई हुई। निगम ने भवन स्वामियों को चेताया कि बेसमेंट का उपयोग केवल स्वीकृत प्रयोजन के अनुसार करें और फायर व स्ट्रक्चरल सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करें।