← वापस
धार

बूढ़ी मांडू में इतिहास की आखिरी सांसें! 250 से ज्यादा प्राचीन प्रतिमाएं खुले में, दुर्लभ मंदिर खंडहर में तब्दील  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
बूढ़ी मांडू में इतिहास की आखिरी सांसें! 250 से ज्यादा प्राचीन प्रतिमाएं खुले में, दुर्लभ मंदिर खंडहर में तब्दील

 

न पक्का रास्ता, न सुरक्षा और न संरक्षण की ठोस व्यवस्था; 204 प्रतिमाएं संग्रहालय में सुरक्षित, लेकिन मूल स्थल बदहाल—सरकारी दावों पर उठे सवाल

धार। मांडू की ऐतिहासिक पहचान से भी पुरानी मानी जाने वाली ‘बूढ़ी मांडू’ अब संरक्षण के अभाव में इतिहास के पन्नों में गुम होने की कगार पर है। सुनसान पहाड़ियों और गहरी खाइयों के बीच मौजूद इस प्राचीन स्थल पर आठवीं से दसवीं शताब्दी के राष्ट्रकूट, परमार और प्रतिहार काल की विरासत के निशान आज भी मौजूद हैं। यहां 250 से ज्यादा प्राचीन प्रतिमाएं, शिवलिंग, गणेश-विष्णु की मूर्तियां, मंदिरों के अवशेष, टूटे शिखर, घाट और परकोटे की दीवारें इतिहास की कहानी सुनाती हैं, लेकिन इनके संरक्षण की तस्वीर इसके उलट है।

  सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतनी महत्वपूर्ण धरोहर तक पहुंचने के लिए अब तक पक्का मार्ग तक नहीं बन सका। दुर्गम रास्ते और अतिक्रमण के कारण पर्यटकों और इतिहासप्रेमियों की पहुंच मुश्किल है। खुले में पड़ी प्रतिमाएं मौसम की मार के साथ चोरी के खतरे से भी जूझ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां से प्राचीन मूर्तियां और अन्य अवशेष चोरी भी हो रहे हैं, लेकिन निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं है।

   विसारा शैली के दुर्लभ मंदिर, अब सिर्फ खंडहर

वास्तुकला विशेषज्ञ ईशान नातू के अनुसार, बूढ़ी मांडू के मंदिरों में नागर और द्रविड़ स्थापत्य के संगम वाली विसारा शैली के दुर्लभ उदाहरण मिलते हैं। उनका कहना है कि देश-विदेश में इस शैली के उदाहरण सीमित हैं। ऐसे में यहां तत्काल संरक्षण के साथ पहुंच मार्ग और ट्रेकिंग रूट विकसित किया जाना चाहिए।

    204 प्रतिमाएं सुरक्षित, मूल स्थल फिर भी बदहाल

बूढ़ी मांडू से मिली 204 प्राचीन प्रतिमाओं को धार किले और अन्य स्थानों पर सुरक्षित रखा गया है। इसके बावजूद मूल स्थल पर मंदिरों के खंडहर और स्थापत्य अवशेष खुले में पड़े हैं। इससे संरक्षण व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।

    1980 में सफाई में निकले थे मंदिरों के अवशेष

पूर्व संग्रहालय अध्यक्ष एवं इतिहासकार डीपी पांडे के अनुसार, बूढ़ी मांडू का इतिहास छठवीं शताब्दी में राजा यशोवर्मन के समय से जोड़ा जाता है। 1980 में सफाई के दौरान यहां तीन टूटे शिव मंदिर, किले की नींव और कई प्राचीन प्रतिमाएं मिली थीं। बाद में प्रतिमाओं को धार किले में संरक्षित किया गया। परमार काल में भी यह क्षेत्र महत्वपूर्ण केंद्र रहा।

   संग्रहालय अध्यक्ष का पद खाली, लिपिक के भरोसे व्यवस्था

धार में राज्य पुरातत्व विभाग के संग्रहालय अध्यक्ष के सेवानिवृत्त होने के बाद पद रिक्त होने की जानकारी सामने आई है। विभागीय व्यवस्था निम्न श्रेणी लिपिक के भरोसे चलने की बात भी सामने आई है। ऐसे में जिले की पुरातात्विक धरोहरों की निगरानी पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

   अब जरूरत केवल घोषणा की नहीं, जमीन पर संरक्षण की है। बूढ़ी मांडू की सीमा निर्धारण, अतिक्रमण हटाने, प्रतिमाओं की डिजिटल सूची, सुरक्षा, सूचना पटल और पक्के पहुंच मार्ग के साथ ट्रेकिंग रूट विकसित किए जाने की जरूरत है। समय रहते कदम नहीं उठे तो मांडू की इस प्राचीन कड़ी का इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए सिर्फ तस्वीरों और किताबों में रह जाएगा।

खबरें और भी हैं...