डीजल खत्म होने से बहाव में बहने लगा स्टीमर, कांवड़ यात्रियों में मची अफरा-तफरी; नगरा और अटेर पुलिस ने संभाला मोर्चा
मुरैना। नगरा घाट से यात्रियों और मोटरसाइकिलों को लेकर चंबल नदी पार कर रहा स्टीमर अचानक बंद हो गया। स्टीमर का डीजल खत्म होने के कारण वह नदी की तेज बहाव में बहने लगा। स्टीमर के बीच बहाव में पहुंचते ही उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्टीमर में 100 से अधिक यात्री और कांवड़ लेकर जा रहे श्रद्धालु सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही नगरा थाना पुलिस और भिंड जिले की अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्टीमर को नियंत्रित कर कनेरा घाट की ओर सुरक्षित ले जाया गया। इसके बाद स्टीमर को किनारे लगाया गया और उसमें सवार यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित उतारा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्टीमर के अचानक बंद होने और नदी के बहाव में बहने से कुछ देर के लिए यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। साथ ही स्टीमर में पर्याप्त ईंधन और सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की भी जांच की जा रही है। घटना ने नदी पार परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।