← वापस
इंदौर

चेकिंग में रोकने पर नहीं रुके, बैरिकेड तोड़ा; जवान पर चढ़ाई स्कार्पियो!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
चेकिंग में रोकने पर नहीं रुके, बैरिकेड तोड़ा; जवान पर चढ़ाई स्कार्पियो!

 

पैर पर पहिया चढ़ने से आरक्षक गंभीर घायल, पीछा कर पुलिस ने पलासिया के पास दबोचे दोनों आरोपी

इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में शनिवार को चेकिंग पॉइंट पर पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश का मामला सामने आया। पीसी सेठी अस्पताल के सामने एबी रोड पर पुलिस टीम ने तेज रफ्तार काली स्कार्पियो को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। आरोपियों ने चेकिंग पॉइंट का बैरिकेड तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात आरक्षक लाल साहब जाटव को टक्कर मार दी। हादसे में स्कार्पियो का पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक आरक्षक लाल साहब जाटव एबी रोड स्थित चेकिंग पॉइंट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कार्पियो वहां पहुंची। पुलिसकर्मियों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय एक्सीलेटर बढ़ा दिया। वाहन ने बैरिकेड तोड़ा और आरक्षक को टक्कर मारते हुए मौके से भाग निकला।

वारदात के बाद पुलिस टीम ने तत्काल स्कार्पियो का पीछा शुरू किया। पलासिया के पास घेराबंदी कर पुलिस ने वाहन को रोक लिया और उसमें सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज मीणा निवासी देवास, हाल पालदा और शिवम निवासी बैरागढ़, भोपाल के रूप में हुई है।

संयोगितागंज पुलिस ने दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत बीएनएस की संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है। एसीपी संयोगितागंज नीति दंडोतिया ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

खबरें और भी हैं...