← वापस
इंदौर

चलती बाइक बनी आग का गोला: एमआर-10 पुल पर इंजन के नीचे से उठी लपटें, कूदकर सिक्योरिटी गार्ड ने बचाई जान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
चलती बाइक बनी आग का गोला: एमआर-10 पुल पर इंजन के नीचे से उठी लपटें, कूदकर सिक्योरिटी गार्ड ने बचाई जान

 

बारिश के बाद गीली सड़क पर हुआ हादसा; राहगीरों ने बुझाने की कोशिश की, देखते ही देखते बाइक जलकर राख

इंदौर। बारिश थमने के कुछ देर बाद बुधवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे एमआर-10 पुल पर चलती बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई। विजय नगर से लवकुश की ओर जा रहे 30 वर्षीय विक्रम यादव ने समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।

   विक्रम परदेशीपुरा क्षेत्र में एक बंगले पर सुरक्षा प्रहरी का काम करता है। रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से रेवती गांव स्थित अपने घर लौट रहा था। एमआर-10 पुल पर पहुंचते ही बाइक के इंजन के नीचे से अचानक धुआं और आग निकलने लगी। उसने तुरंत बाइक रोककर उतरने की कोशिश की।

    कपड़े और पानी से बुझाने का प्रयास

आग देखकर आसपास से गुजर रहे लोग भी रुक गए। विक्रम ने कपड़े से आग बुझाने का प्रयास किया और पानी डाला, लेकिन आग और भड़क गई। एक बस को रोककर उसमें मौजूद अग्निशमन उपकरण से आग बुझाने की कोशिश भी की गई। इसके बावजूद कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जल गई।

बाइक एचएफ डीलक्स बताई जा रही है, जो करीब तीन-चार साल पुरानी है। प्रारंभिक तौर पर पेट्रोल रिसाव को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

आंखों के सामने जल गई बाइक

अपनी बाइक को आंखों के सामने जलता देख विक्रम भावुक हो गया। गनीमत रही कि आग लगते ही उसने समय रहते बाइक से उतरकर दूरी बना ली थी। हादसे में उसे किसी तरह की चोट नहीं आई। बारिश के बाद पुल पर भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

खबरें और भी हैं...