सांवेर के बरौली गांव के पास रात दो बजे हादसा, चालक सहित दो लोगों को मामूली चोटें
इंदौर। इंदौर-उज्जैन रोड पर सांवेर के बरौली गांव स्थित बीएसएफ रेंज के सामने शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बड़ा सड़क हादसा टल गया। इंदौर से नीमच परचून का सामान लेकर जा रहा एक लोडिंग वाहन अचानक पिछले पहियों के सेंटर बोल्ट टूटने से अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुआ। चालक प्रकाश, निवासी प्रतापगढ़, ने बताया कि वाहन के दोनों पिछले पहिए अलग हो जाने से संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन इंदौर के ग्वालटोली स्थित बाबू ट्रांसपोर्ट का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं था। यदि उस दौरान सामने या पीछे से वाहन गुजर रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।