← वापस
मध्यप्रदेश

चारे के विवाद ने ली बुजुर्ग की जान: कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, गांव में दहशत; एक संदेही हिरासत में

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
चारे के विवाद ने ली बुजुर्ग की जान: कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या, गांव में दहशत; एक संदेही हिरासत में

जुन्नारदेव। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुत्तौर में बुधवार को एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दिए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान झाड़ूलाल पिता सीताराम यदुवंशी (60) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारा रोकने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर बुजुर्ग की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सोनम पाटिल, थाना प्रभारी जे. मसराम, उप निरीक्षक मनोज चौधरी और मुकेश डोंगरे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी जे. मसराम ने बताया कि मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक साक्ष्यों और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।

खबरें और भी हैं...