रोबोट से भमोरी तक निरीक्षण; लेफ्ट टर्न के रास्ते से हटेंगे बाधक निर्माण, खराब सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश
इंदौर। शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच नगर निगम ने प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या से निपटने की कवायद तेज कर दी है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शनिवार सुबह जोन क्रमांक 7 और 8 के प्रमुख यातायात दबाव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर यातायात व्यवस्था देखी और लेफ्ट टर्न में बाधक निर्माण व अन्य अवरोध हटाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने रोबोट चौराहा, सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54, किंग्स डेयरी और भमोरी चौराहे का निरीक्षण किया। रोबोट चौराहे पर वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए लेफ्ट टर्न को चौड़ा करने और आवश्यक सड़क सुधार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चौराहों पर वाहनों की आवाजाही निर्बाध रहे और अनावश्यक जाम की स्थिति न बने, इसके लिए मौके पर जरूरी सुधार किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सड़क की डामर परत खराब मिली। इस पर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को दोष दायित्व अवधि के तहत तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण और रखरखाव की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि शहर के प्रमुख यातायात दबाव वाले स्थानों का नियमित सर्वेक्षण किया जाए। जहां लेफ्ट टर्न संकरा है अथवा निर्माण और अन्य अवरोध यातायात में बाधा बन रहे हैं, वहां नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने सड़क, नागरिक निर्माण और यातायात सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी प्रकाश नागर,सुनील जादौन, नियंत्रणकर्ता अधिकारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी सहित उपयंत्री, सीएसआई और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।