तीन इमली, चाण्यकपुरी और रसोमा में बनेगा लेफ्ट टर्न;
इंदौर। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सोमवार को प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने तीन इमली, चाण्यकपुरी और रसोमा चौराहे पर यातायात दबाव कम करने के लिए लेफ्ट टर्न विकसित करने के निर्देश दिए। तीन इमली चौराहे पर सिग्नल लगाने के लिए भी कहा गया। आयुक्त ने अधिकारियों को ऐसे छोटे-छोटे सुधार कार्य प्राथमिकता से चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनसे वाहन चालकों को तत्काल राहत मिल सके।
आयुक्त ने तीन इमली ब्रिज के नीचे, अन्नपूर्णा, हरसिद्धि, नगर निगम, रसोमा, मैकेनिक नगर और न्यू पलासिया चौराहे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौराहों की मौजूदा स्थिति, यातायात संचालन और विकास कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर भी सख्त रुख अपनाया। ग्रीन बेल्ट में कचरा मिलने पर सीएसआई संजय घावरी, दरोगा दयाराम तेजी और सहायक उद्यान अधिकारी देवेंद्र का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
मच्छी बाजार में खाली प्लॉट पर कचरा मिलने और वहां कंडम वाहन खड़ा होने पर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप, सीएसआई शिवेंद्र सिंह और दरोगा विजय सोनवाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं न्यू पलासिया में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर सीएसआई मुकेश करोसिया, दरोगा राकेश नागर और बल्क सुपरवाइजर संदीप का भी एक-एक दिन का वेतन काटने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री ओपी कुशवाह, सहायक यंत्री मयंक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।