19 माह के नर चीता शावक KNG22 की मौत के बाद विभाग में हड़कंप, रेंजर से बीट गार्ड तक पर गिरी गाज
भोपाल। कूनो क्षेत्र में 19 माह के नर चीता शावक KNG22 की गोली लगने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुरैना और श्योपुर वन मंडल के छह वनकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई की जद में दोनों वन मंडलों के मैदानी अमले के रेंजर, डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, मुरैना वन मंडल के पहाड़पुर रेंज के रेंजर आकाश तोमर, सबरेंज पहाड़पुर के डिप्टी रेंजर कीर्ति कुमार शांडिल्य और बीट गार्ड दिनेश गरैया को निलंबित किया गया है। वहीं श्योपुर वन मंडल की विजयपुर रेंज के रेंजर जाहर सिंह गौड़, डिप्टी रेंजर गब्बर सिंह बजोरिया और बीट गार्ड कुलदीप सिंह गुर्जर पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
दरअसल,कूनो के चीता शावक KNG22 की गोली लगने से मौत ने वन विभाग की निगरानी, ट्रैकिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। संरक्षित क्षेत्र से बाहर पहुंचे चीते की सुरक्षा में चूक और गोली लगने की घटना के बाद विभागीय जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे थे।
छह वनकर्मियों के निलंबन से विभाग ने कार्रवाई का संदेश दिया है, लेकिन लोगों का कहना है कि इतनी गंभीर सुरक्षा चूक के लिए क्या केवल मैदानी अमला जिम्मेदार है? निगरानी व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होगी या नहीं?
फ़ोटो एआई