शेगांव से दुर्गादेवी की प्रतिमा लेकर वर्धा लौट रहे थे श्रद्धालु, 16 घायल; 5 की हालत चिंताजनक
अमरावती। समृद्धि महामार्ग पर धामणगांव रेलवे के पास गुरुवार रात करीब 1 बजे दर्दनाक हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चैनल नंबर 97 के पास तेज रफ्तार 16 चक्के के ट्रक ने पीछे से श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों में 5 की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
बताया गया कि वर्धा के सिंधी मेथे स्थित सोमनाथ ले-आउट के श्रद्धालु शेगांव से दुर्गादेवी की प्रतिमा लेकर बोलेरो पिकअप क्रमांक एमएच-05-बीएच-5793 से वर्धा लौट रहे थे। पिकअप के पीछे ट्रॉली लगी थी और वाहन धीमी गति से चल रहा था। कारंजा लाड इंटरचेंज पर हाईवे पुलिस ने चालक और श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार वाहनों के बीच ट्रॉली के साथ चलने से हादसे की आशंका जताते हुए चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद वे आगे बढ़ गए।
हादसे में दत्ता कुरसंगे (55), प्रवीण बकाने (50), घनश्याम पाटील (60), गोलू उर्फ सचिन बादलमबार (38) और ओम गावंडे (22) की मौके पर मौत हो गई। रोशन राऊत (26) और मुनेश्वर देवराव ढोले (53) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सभी मृतक सिंधी मेघे, वर्धा निवासी थे।
सीएम फडणवीस ने जताया शोक: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।