इंदौर की धरा ने हाल ही में राजनीति और जन-सरोकारों के टकराव का एक अभूतपूर्व दृश्य देखा। संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक संवाद आयोजन मात्र नहीं रहा, बल्कि यह प्रशासनिक बाधाओं, सत्ताधारी दल के दबाव और जनता के स्वतःस्फूर्त समर्थन के बीच की खींचतान का एक ज्वलंत उदाहरण बन गया। इंदौर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की सफलता ने न केवल सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और स्थानीय प्रशासन के गणित को गलत साबित कर दिया, बल्कि मध्यप्रदेश की राजनीति में एक नए राजनीतिक व सामाजिक समीकरण की नींव भी रख दी। इस आयोजन की भव्य सफलता के पीछे कई राजनीतिक व रणनीतिक पहलू रहे, लेकिन इसका सबसे मजबूत स्तंभ बने मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उनके द्वारा लामबंद किया गया आदिवासी युवा वर्ग।
सत्ता, प्रशासन और दोहरे रवैये का चक्रव्यूह
'छात्रों की गूंज' को रोकने और इसे निष्प्रभावी करने के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर कोई कसर नहीं छोड़ी गई। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) द्वारा आयोजन स्थल के लिए 14 लाख रुपये से अधिक का भारी-भरकम शुल्क वसूलना और पुलिस प्रशासन द्वारा संवैधानिक पद पर बैठे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था की मुख्य ज़िम्मेदारी आयोजकों पर ही डाल देना, सत्ता के सीधे दबाव को उजागर करता है। प्रशासनिक दोहरेपन का विरोधाभास तब और गहरा गया जब इसी दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के इंदौर दौरे के वक्त प्रशासनिक अमला और पुलिस अधिकारी उनके पीछे मुस्तैद दिखाई दिए।
पार्टी पदाधिकारियों के लिए सरकारी तंत्र की यह तत्परता और देश के संवैधानिक नेता प्रतिपक्ष के कार्यक्रम में सुरक्षात्मक मानकों के नाम पर खड़ी की गई अड़चनें, सत्ता के इशारे पर किए गए भेदभाव को साफ बयां करती हैं। इसके साथ ही, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयानों और आक्रामक रुख ने छात्रों व युवाओं के बीच आग में घी का काम किया। इन तमाम अड़चनों का उल्टा असर हुआ और राहुल गांधी का इंदौर दौरा 8 दिनों तक राष्ट्रीय मीडिया के केंद्र में बना रहा।
उमंग सिंघार का मास्टरस्ट्रोक : आदिवासी छात्रों का सशक्त नेतृत्व
इस पूरे आयोजन की सफलता का सबसे अहम और रणनीतिक श्रेय नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को जाता है। जहां संगठन अपने परंपरागत ढांचे के तहत तैयारियां कर रहा था, वहीं उमंग सिंघार ने जमीनी स्तर पर एक मौन लेकिन बेहद प्रभावी क्रांति की रूपरेखा तैयार की। उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल क्षेत्रों जैसे धार, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी, देवास और मालवा-निमाड़ की छात्र शक्ति को पहचाना। उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए आदिवासी बहुल जिलों में छात्रों के समूहों, छात्र संगठनों और छात्रावासों में जाकर सीधा संवाद स्थापित किया।
उन्होंने आदिवासी युवाओं को केवल कार्यक्रम में आने का न्यौता ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें यह समझाया कि 'छात्रों की गूंज' उनके जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, बैकलॉग पदों की भर्ती और नौकरियों में अधिकार मांगने का एक राष्ट्रीय मंच है। नेता प्रतिपक्ष की इस आत्मीय अपील और निरंतर मेहनत का ही नतीजा था कि इंदौर का सभा स्थल आदिवासी छात्र-छात्राओं की अप्रत्याशित मौजूदगी का गवाह बना। जब हजारों की संख्या में आदिवासी युवा अपने पारंपरिक उत्साह, चेतना और अधिकारों की मांग के साथ सभा स्थल पहुंचे, तो उसने पूरे कार्यक्रम का स्वरूप ही बदल दिया।
अप्रत्याशित जनसैलाब और सत्ता को सीधा संदेश
प्रशासन और सत्ता पक्ष का आकलन था कि अड़चनों और नियमों के जाल में उलझाकर भीड़ को सीमित कर दिया जाएगा, लेकिन आयोजन के दिन उमड़े जनसैलाब ने सभी अनुमानों को पूरी तरह धराशायी कर दिया। जिस सीमित क्षमता वाले पांडाल की तैयारी की गई थी, वह मात्र 20 मिनट के भीतर खचाखच भर गया और पांडाल की क्षमता से कई गुना अधिक युवा, छात्र, महिलाएं और आम नागरिक बाहर सड़कों तथा मैदानों में खड़े होकर राहुल गांधी को सुनते रहे। इस पूरे जनसैलाब में सबसे बड़ा और मुखर हिस्सा उन आदिवासी युवाओं का था, जो अपने नेता उमंग सिंघार के आह्वान पर अपने हक और अधिकार की आवाज उठाने पहुंचे थे। यह अप्रत्याशित भीड़ केवल किसी नेता को सुनने नहीं आई थी, बल्कि भर्ती परीक्षाओं में घोटालों, बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा के बढ़ते निजीकरण से परेशान युवा वर्ग का एक आक्रोशित प्रतिरोध थी।

भावी राजनीति के लिए 'गूंज' के दूरगामी संकेत
इंदौर का यह आयोजन मध्यप्रदेश की भावी राजनीति में एक निर्णायक मोड़ साबित होने जा रहा है। बीजेपी के अभेद्य गढ़ समझे जाने वाले इंदौर शहर में युवाओं का यह विशाल जमावड़ा सत्ताधारी दल के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है। इस आयोजन के जरिए उमंग सिंघार ने यह साबित कर दिया कि आदिवासी समाज का युवा अब केवल मूक दर्शक नहीं है, बल्कि वह अपनी राजनीतिक चेतना के साथ नेतृत्व करने को पूरी तरह तैयार है। इस विशाल आयोजन ने यह भी संदेश दिया कि जब मुद्दों की धार तेज हो और जनआक्रोश चरम पर हो, तो प्रशासनिक बंदिशें और राजनीतिक दबाव भीड़ का रास्ता नहीं रोक सकते। कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता से उमंग सिंघार ने न केवल अपनी संगठनात्मक क्षमता का लोहा मनवाया है, बल्कि खुद को प्रदेश में एक प्रभावशाली और सर्वमान्य आदिवासी व युवा नेता के रूप में मजबूती से स्थापित भी किया है।

'छात्रों की गूंज' केवल एक राजनीतिक रैली नहीं थी, बल्कि यह सत्ता की हठधर्मिता के खिलाफ छात्रों और आदिवासी युवाओं की संगठित लामबंदी का एक सशक्त प्रतीक बन गई। भाजपा और प्रशासन की तमाम रणनीतियां इस जनसैलाब के आगे ढह गईं। राहुल गांधी के संवाद ने युवाओं को एक नई उम्मीद दी, तो वहीं उमंग सिंघार की रणनीतिक मेहनत ने यह साबित कर दिया कि आदिवासी छात्र शक्ति यदि एकजुट हो जाए, तो वह सत्ता के किसी भी किले में दरार डाल सकती है। इंदौर में उठी यह गूंज आने वाले समय में मध्य प्रदेश की सियासत की नई दिशा तय करेगी।