← वापस
इंदौर

छात्र ने फांसी लगाई, जांच के लिए मोबाइल जब्त किया गया  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
छात्र ने फांसी लगाई, जांच के लिए मोबाइल जब्त किया गया

 

विदिशा का रहने वाला, बहन-जीजा के साथ रहकर पढ़ाई 

    इंदौर। रोड्रम थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना छोटा बांगड़दा स्थित सुविधा नगर की है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय यशपाल, पिता बलीराम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से विदिशा जिले का रहने वाला था और पढ़ाई के लिए इंदौर में अपनी बड़ी बहन और जीजा के साथ रह रहा था।

     पुलिस के अनुसार यशपाल इंदौर के एक कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता किसान हैं। परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। यशपाल की बड़ी बहन अपने पति के साथ इंदौर में रहती थी। जीजा फाइनेंस का काम करते हैं। यशपाल भी उनके साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।

    घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। बाद में परिजन जब घर पहुंचे तो यशपाल को फंदे पर लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र के शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

    पुलिस ने घटनास्थल से यशपाल का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वह मोबाइल पर किसी से चैटिंग करता था। इसी आधार पर पुलिस उसके मोबाइल में मौजूद बातचीत, संपर्क किए गए नंबर और सामाजिक माध्यमों पर उसकी गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था और उसके साथ किसी तरह की परेशानी तो नहीं चल रही थी। फिलहाल यशपाल के खुदकुशी करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारी के आधार पर घटना की वजह सामने आने की उम्मीद है।

खबरें और भी हैं...