← वापस
इंदौर

छात्राओं की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: जीडीसी के बाहर हटे ठेले-टपरे, महिला पुलिस और एफआरवी की तैनाती

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
छात्राओं की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त: जीडीसी के बाहर हटे ठेले-टपरे, महिला पुलिस और एफआरवी की तैनाती

कलेक्टर के निर्देश के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई; कॉलेज परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

इंदौर। मोती तबेला स्थित शासकीय जीजाबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (जीडीसी) की छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल ने पुलिस बल के साथ कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

  निरीक्षण के दौरान छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। संभावित छेड़छाड़ और असामाजिक गतिविधियों वाले स्थानों की पहचान कर वहां तत्काल आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए कॉलेज के आसपास अनावश्यक भीड़ लगाने वाले ठेले और टपरों को हटाने की कार्रवाई भी की गई।

  प्रशासन ने कॉलेज समय के दौरान महिला पुलिस कर्मियों के साथ प्रथम प्रतिक्रिया वाहन (एफआरवी) की नियमित तैनाती सुनिश्चित कर दी है। इसके साथ ही क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त और सघन निगरानी के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। महाविद्यालय के पिछले प्रवेश द्वार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।   

   जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्राओं को सुरक्षित, निर्भय और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी।

खबरें और भी हैं...