← वापस
धार

डही में जुआ-सट्टे पर कार्रवाई नहीं तो संरक्षण किसका? बघेल ने डीजीपी से मांगा जवाब  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
डही में जुआ-सट्टे पर कार्रवाई नहीं तो संरक्षण किसका? बघेल ने डीजीपी से मांगा जवाब

 

पूर्व मंत्री ने थाना प्रभारी की भूमिका की जांच की मांग की, कथित अवैध कारोबार के वीडियो साक्ष्य भी किए सार्वजनिक; 15 दिन में कार्रवाई का हिसाब देने को कहा

धार/डही। कुक्षी विधानसभा क्षेत्र के डही में कथित जुआ-सट्टे के कारोबार को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल ने डही थाना क्षेत्र में चल रहे कथित जुआ-सट्टे के कारोबार को लेकर पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। बघेल ने शिकायत के साथ वीडियो साक्ष्य सार्वजनिक किए हैं।

बघेल का आरोप है कि डही के बकरा बाजार से लेकर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक जुआ-सट्टे का कारोबार कथित रूप से चल रहा है। इसका सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और आदिवासी परिवारों पर पड़ने का दावा किया गया है। उनका कहना है कि मेहनत की कमाई जुए-सट्टे में गंवाने से कई परिवार आर्थिक संकट में पहुंच रहे हैं।

      कार्रवाई नहीं हुई तो सवाल पुलिस पर

पूर्व मंत्री ने पत्र में सवाल उठाया कि यदि अवैध गतिविधियों के साक्ष्य सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है तो इसके पीछे पुलिस की उदासीनता है या किसी तरह का संरक्षण, इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। उन्होंने डही थाना प्रभारी दिलीप तड़ंवला की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।

     विशेष जांच दल गठित करने की मांग

बघेल ने कथित जुआ-सट्टे के मुख्य संचालकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और पूरे नेटवर्क की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने की मांग की है। उनका कहना है कि कार्रवाई केवल छोटे स्तर पर नहीं, बल्कि पूरे कथित नेटवर्क के खिलाफ होनी चाहिए।

     15 दिन में मांगा कार्रवाई का हिसाब

डीजीपी को भेजे पत्र में बघेल ने डही थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टे के खिलाफ अब तक की गई कार्रवाई का पूरा विवरण 15 दिन में उपलब्ध कराने की मांग की है। शिकायत और वीडियो साक्ष्य सामने आने के बाद अब निगाहें पुलिस विभाग की कार्रवाई पर हैं। मामला सही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और थाना प्रभारी की भूमिका की जांच किस स्तर तक पहुंचती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

खबरें और भी हैं...