← वापस
इंदौर

डीजे पर नाचने को लेकर विवाद,16 साल के कृष्णा की चाकू मारकर हत्या  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
डीजे पर नाचने को लेकर विवाद,16 साल के कृष्णा की चाकू मारकर हत्या

 

इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात गणेश उत्सव के जुलूस में डीजे पर नाचने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने दो नाबालिग दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 16 वर्षीय कृष्णा पिता शेरू पंवार की मौत हो गई, जबकि उसका 17 वर्षीय दोस्त साहिल पिता रमेश कजोले गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है।

   पुलिस के अनुसार,असरावद खुर्द निवासी कृष्णा और साहिल गणेश उत्सव के जुलूस में शामिल होने पहुंचे थे। तेजाजी नगर से आजाद नगर की ओर निकले जुलूस में नौ से अधिक डीजे वाहन चल रहे थे। दोनों जयदीप डीजे वाहन के पीछे नाच रहे थे। इसी दौरान भीड़ में एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर कृष्णा के सीने पर लगातार वार कर दिए।

   दोस्त को बचाने पहुंचा तो उस पर भी हमला

कृष्णा को बचाने साहिल आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया और मौके से भाग निकला। घटना के बाद जुलूस में भगदड़ मच गई। दोनों को तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान कृष्णा ने दम तोड़ दिया।

     परिजनों के मुताबिक दोनों परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं। दोनों नाबालिग पढ़ाई के साथ मकान निर्माण में मजदूरी कर परिवार की मदद करते थे। आजाद नगर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस जुलूस के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच रही है।

खबरें और भी हैं...