← वापस
इंदौर

डोल ग्यारस पर आज शाम 4 बजे से बदलेगा इंदौर का ट्रैफिक  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
डोल ग्यारस पर आज शाम 4 बजे से बदलेगा इंदौर का ट्रैफिक

 

राजवाड़ा समेत कई प्रमुख मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित; एयरपोर्ट जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय, चल समारोह खत्म होने तक लागू रहेगी व्यवस्था

इंदौर। डोल ग्यारस के अवसर पर मंगलवार को शहर में निकलने वाले भव्य चल समारोह को देखते हुए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्सन प्लान जारी किया है। 22 सितंबर को दोपहर 4 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक राजवाड़ा और आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ और यातायात दबाव के अनुसार व्यवस्था के समय में बदलाव भी किया जा सकता है।

राजवाड़ा क्षेत्र में शाम 4 बजे से सिटी बसों समेत अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पटेल प्रतिमा चौराहा से संजय सेतु और यशवंत रोड चौराहा की ओर, कलेक्टर चौराहा से हरसिद्धि मंदिर-मच्छी बाजार की ओर तथा संजय सेतु से चंद्रभागा चौराहा और पंढरीनाथ मंदिर की ओर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। दरगाह चौराहा और नयापीठा से मच्छी बाजार की ओर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा। पालदा-चितावद क्षेत्र से निकलने वाली डोल यात्रा के दौरान पालदा से नवलखा की ओर भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

एयरपोर्ट जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। भंवरकुआं, कलेक्टर, महूनाका होकर एयरपोर्ट तथा मध्य क्षेत्र से डीआरपी लाइन-मरीमाता होकर एयरपोर्ट पहुंचा जा सकेगा। विजय नगर क्षेत्र से एमआर-10 और सुपर कॉरिडोर के रास्ते भी एयरपोर्ट जाने की सुविधा रहेगी।

राजवाड़ा से राजमोहल्ला जाने वाले वाहन नगर निगम, इमली बाजार, बड़वाली चौकी होते हुए बड़ा गणपति की ओर जा सकेंगे। सैफी चौराहा से लाल मंदिर, हाथीपाला, बड़ा रावला और सोनकर धर्मशाला होकर महूनाका की ओर जाने का मार्ग खुला रहेगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और भीड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर न जाएं। पिक एंड ड्रॉप की सुविधा का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसे अति आवश्यक सेवा वाहनों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। 

खबरें और भी हैं...