← वापस
मध्यप्रदेश

ड्रिप लगते ही बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने से पहले 20 साल के युवक की मौत  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ड्रिप लगते ही बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने से पहले 20 साल के युवक की मौत

 

पेट दर्द की शिकायत पर निजी क्लीनिक पहुंचा था युवक; परिजनों ने गलत इंजेक्शन और इलाज में लापरवाही के लगाए आरोप, भाजपा मंडल अध्यक्ष पर केस

भिंड। रौन थाना क्षेत्र में निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान 20 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मेहंदा गांव निवासी विश्वास सिंह राजावत पेट दर्द की शिकायत लेकर क्लीनिक पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि वहां इंजेक्शन और ड्रिप लगाए जाने के कुछ देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, विश्वास रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे निजी क्लीनिक पहुंचा था। वहां उसे इंजेक्शन लगाने के साथ ड्रिप चढ़ाई गई। कुछ ही समय बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने इलाज रोकने और ड्रिप हटाने की बात कही, लेकिन उनका आरोप है कि इसके बावजूद उपचार जारी रखा गया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी स्थिति और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

     बिना डिग्री इलाज का आरोप

मृतक के परिजनों ने मिहोना भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुशवाह पर बिना मान्य चिकित्सा डिग्री के क्लीनिक संचालित करने और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि युवक को इलाज के बाद ही गंभीर परेशानी शुरू हुई। घटना के बाद कथित डॉक्टर के फरार होने की बात भी सामने आई है।

   पुलिस ने दर्ज किया केस, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने मामले में पुष्पेंद्र कुशवाह और उनके सहायक कमल कुशवाह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इलाज से जुड़े दस्तावेज, दवाओं और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। युवक की मौत वास्तव में किस कारण हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना ने क्षेत्र में निजी क्लीनिकों की निगरानी और बिना पर्याप्त चिकित्सा योग्यता इलाज किए जाने के आरोपों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...