← वापस
इंदौर

डेढ़ करोड़ की सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर: एक एकड़ कब्जा हटाया,अवैध कॉलोनी का निर्माण भी ध्वस्त

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
डेढ़ करोड़ की सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर: एक एकड़ कब्जा हटाया,अवैध कॉलोनी का निर्माण भी ध्वस्त

इंदौर। जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को बिचौली हप्सी अनुभाग के ग्राम बिहाड़िया में राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की लगभग एक एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इसके साथ ही बिना वैधानिक अनुमति विकसित की जा रही एक अवैध कॉलोनी के निर्माण को भी बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।

   यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय भूषण शुक्ला और तहसीलदार अनिल पटेल के नेतृत्व में की गई। राजस्व अमले ने ग्राम बिहाड़िया के सर्वे क्रमांक 264/1 की शासकीय भूमि पर राजाराम पिता शंकरलाल यादव द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाया। मौके पर बने टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाकर भूमि को पुनः शासकीय कब्जे में लिया गया।

   कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनियों पर भी शिकंजा कसते हुए कॉलोनाइजर अतुल अग्रवाल द्वारा सर्वे क्रमांक 241/6/1 एवं 241/6/2 पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार यह कॉलोनी भूमि स्वामी श्रवण यादव,लाल सिंह, लक्ष्मीनारायण पिता मोहन एवं अन्य की भूमि पर आवश्यक वैधानिक अनुमतियों के बिना विकसित की जा रही थी।

    पूरे अभियान के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, हल्का पटवारी सहित राजस्व विभाग का अमला और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों और अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...