4.72 लाख रुपए का माल कार्रवाई की जद में; पालदा की पनीर निर्माण इकाई तत्काल बंद, मावा-पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे
इंदौर, 12 अगस्त। डेयरी उत्पादों की आड़ में गैर-दुग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री और इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने इंदौर में बड़ी कार्रवाई की। बुधवार को अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर जांच करते हुए करीब 1,816 किलो डेयरी एनालॉग खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 4.72 लाख रुपए बताई गई है। वहीं पालदा स्थित पनीर निर्माण इकाई में निर्माण परिस्थितियां संतोषजनक नहीं मिलने पर उत्पादन तत्काल बंद करा दिया गया।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देश और कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पालदा में 450 किलो पनीर जब्त, इकाई बंद
खाद्य सुरक्षा दल ने पालदा स्थित उमापति इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। यहां लो-फैट पनीर का निर्माण और पैकिंग हो रही थी। जांच में परिसर की सफाई, जल निकासी और भंडारण व्यवस्था में कमियां मिलीं। पनीर में इस्तेमाल पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। अधिकारियों ने करीब 450 किलो पनीर, कीमत 1.17 लाख रुपए, जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया। साथ ही निर्माण कार्य बंद कराया गया।

मावा भंडार और डेयरी पर भी कार्रवाई
महू के नारायण डेयरी से 350 किलो पनीर जब्त किया गया। नंदा नगर स्थित मोहनी मावा भंडार से 716 किलो डेयरी एनालॉग मावा, जबकि भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित श्री बालाजी ट्रेडिंग से 300 किलो मावा जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित डेयरी एनालॉग के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।