← वापस
देवास

ढाई घंटे ग्रिड पर तालाबंदी,एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों का हंगामा!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ढाई घंटे ग्रिड पर तालाबंदी,एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों का हंगामा!

 

बागली तहसील मुख्यालय जितनी बिजली मिलेगी, उतनी ही ग्रामीण क्षेत्रों को देने के आश्वासन पर खुला ताला

बागली। बिजली की अनिश्चित कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सड़क पर आ गया। त्योहारों के समय रात में बिजली नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने नयापुरा विद्युत ग्रिड पर तालाबंदी कर दी। करीब ढाई घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने ग्रिड के बाहर जमकर नारेबाजी की। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची।

नयापुरा, चरियां, अवलदा, शिवपुर, डेरी, बोरी, जटाशंकर सहित करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीण बिजली कटौती से परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी निश्चित समय के बिजली काटे जाने से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। त्योहारों के दौरान रात में बिजली नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ गई है। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने विद्युत ग्रिड पर ताला लगाकर अपना आक्रोश जताया।

अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अनिश्चित बिजली कटौती बंद करने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) ने अनुभाग स्तर के अधिकारी से फोन पर चर्चा की। इसके बाद ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि बागली तहसील मुख्यालय को जितनी बिजली मिलेगी, उतनी ही बिजली ग्रामीण क्षेत्रों को भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब ढाई घंटे बाद ग्रिड का ताला खोल दिया और धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों की मुख्य मांग अनिश्चित बिजली कटौती बंद करने की है। अब देखना होगा कि विभाग का आश्वासन धरातल पर कितना उतरता है और ग्रामीणों को नियमित बिजली मिल पाती है या नहीं।

खबरें और भी हैं...