- 650 पत्रकारों की सहभागिता, निर्भीक पत्रकारिता का संकल्प
आलीराजपुर। आदिवासी अंचल जोबट में रविवार को भारतीय पत्रकारिता के इतिहास का एक गौरवपूर्ण अध्याय लिखा। एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट (एआईजे) के तत्वावधान में जिला इकाई आलीराजपुर द्वारा आयोजित 600 वीं विराट पत्रकार महासमागम, पत्रकार सम्मान एवं पत्रकार कल्याण समारोह श्री रिसॉर्ट गार्डन में संपन्न हुआ।
इस विराट महासमागम में 650 से अधिक पत्रकारों, संपादकों, ब्यूरो प्रमुखों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों की ऐतिहासिक उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पवर्षा एवं अतिथियों के माल्यार्पण से हुआ। आकर्षक मंच सज्जा, सुव्यवस्थित आयोजन और पत्रकारों के उत्साह ने समारोह को एक भव्य राष्ट्रीय महोत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
स्वागत उद्बोधन देते हुए एआईजे के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन ने देशभर से पधारे पत्रकारों एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि एआईजे केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और स्वाभिमान को समर्पित राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने बताया कि आज एआईजे 24 राज्यों एवं 650 से अधिक जिलों में सक्रिय संगठनात्मक उपस्थिति के साथ पत्रकारों एवं उनके परिवारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि पत्रकारों के जीवन से जुड़ी वास्तविक समस्याओं स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं आर्थिक सहयोग के लिए व्यवस्था करना है।
नवभारत के समूह संपादक एवं एआईजे के संरक्षक क्रांति चतुर्वेदी ने कहा कि गाँवों और दूरस्थ अंचलों में सीमित संसाधनों के बीच कार्य करने वाले पत्रकार ही वास्तविक अर्थों में पत्रकारिता के प्रहरी हैं। संसाधनों की कमी, आर्थिक चुनौतियों और स्थानीय दबावों के बावजूद ग्रामीण पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनहित के मुद्दे उठाते हैं। यही पत्रकारिता की सबसे बड़ी शक्ति है।
पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़
आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की रीढ़ हैं। निष्पक्ष एवं प्रमाण आधारित पत्रकारिता शासन और समाज दोनों को जवाबदेह बनाती है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करती है। वरिष्ठ पत्रकार तेज कुमार सेन ने प्रेरक संबोधन में कहा कि हनुमानजी को उनकी शक्ति का अहसास कराने जामवंत आए थे, लेकिन पत्रकारों को अपनी कलम की शक्ति स्वयं पहचाननी होगी। उन्होंने कहा कि जो पत्रकार जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाएगा, उसके पीछे समाज स्वयं खड़ा होगा।
स्वास्थ्य संरक्षण के लिए पहल
महासमागम का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय पत्रकारों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए लिया गया। संजीवनी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, बड़वानी में एआईजे से जुड़े पत्रकारों, उनके परिजनों, रिश्तेदारों एवं परिचितों को उपचार एवं चिकित्सा सेवाओं पर 30% तक विशेष रियायत उपलब्ध कराई जाएगी।
एसएमएस हॉस्पिटल, वडोदरा के डायरेक्टर डॉ मृदंग भावसार ने चिकित्सा सेवाओं पर पत्रकार जगत के लिए 30% तक सामान्य शुल्क पर विशेष छूट की घोषणा की। साथ ही अस्पताल में बिटिया के जन्म पर कोई शुल्क नहीं लेने की भी घोषणा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन और प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू ने दोनों अस्पतालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा एआईजे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह पहल पत्रकार कल्याण की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।