ROB डायवर्जन से बढ़ा ट्रैफिक, बारिश में कीचड़ और जलभराव ने बढ़ाई परेशानी; दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा जोखिम में
धार। विकास कार्यों के बीच लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। नागदा-गुजरी मार्ग पर चल रहे ROB निर्माण के चलते यातायात को सुनारखेड़ी रोड स्थित अंडरपास से डायवर्ट किया गया है, लेकिन करीब एक किलोमीटर लंबे इस वैकल्पिक मार्ग की हालत बदहाल हो चुकी है। सड़क पर डेढ़ सौ से ज्यादा छोटे-बड़े गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। कई जगह डामर उखड़ चुका है और बारिश के बाद गड्ढों में पानी व कीचड़ जमा होने से रास्ता और खतरनाक हो गया है।
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। वाहन चालक गड्ढों से बचने के लिए अचानक दिशा बदलते हैं, जिससे संतुलन बिगड़ने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। रात के समय कम रोशनी के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से रोज गुजरने वाले वाहन चालकों को तो गड्ढों का अंदाजा रहता है, लेकिन बाहर से आने वाले लोगों के लिए अचानक सामने आने वाले गड्ढे परेशानी का कारण बन रहे हैं।
बारिश में सड़क बनी कीचड़ और फिसलन का रास्ता
बारिश के दौरान सड़क पर जगह-जगह जलभराव और कीचड़ हो जाता है। इससे पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन धीरे चलाने पड़ते हैं, जिससे मार्ग पर जाम जैसी स्थिति भी बनती है। गड्ढों से बचने के लिए वाहन सड़क के किनारे से निकालने पड़ते हैं, जिससे आमने-सामने आने वाले वाहनों के बीच भी परेशानी बढ़ती है।
20 से ज्यादा गांवों का प्रमुख संपर्क मार्ग
सुनारखेड़ी अंडरपास से होकर जाने वाला यह रास्ता 20 से ज्यादा गांवों के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से विद्यार्थी, कर्मचारी, किसान, मजदूर, व्यापारी और अन्य ग्रामीण धार की ओर आवाजाही करते हैं। ऐसे में सड़क की बदहाली का असर बड़ी आबादी पर पड़ रहा है।
ROB निर्माण से बढ़ा वाहनों का दबाव
ROB निर्माण शुरू होने के बाद मुख्य मार्ग का यातायात वैकल्पिक रास्ते पर बढ़ गया। लगातार वाहनों की आवाजाही और बारिश के कारण सड़क की स्थिति बिगड़ती चली गई। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक इसी मार्ग से आवागमन जारी रहेगा, इसलिए इसकी तत्काल मरम्मत जरूरी है।
शिकायत के बाद भी इंतजार
ग्रामीणों और वाहन चालकों के मुताबिक सड़क की खराब स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। लोगों का कहना है कि केवल गड्ढों में मिट्टी या मुरम डालना स्थायी समाधान नहीं है। बारिश में यह सामग्री बह जाती है और गड्ढे फिर उभर आते हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क के गड्ढे भरकर इसे समतल किया जाए, जलभराव और कीचड़ की समस्या दूर की जाए तथा ROB का काम पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग को सुरक्षित और चलने लायक रखा जाए।