दीवार गिरने के हादसे में गई थी चार महिला मजदूरों की जान; अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नगर में शोक की लहर
सांवेर। बुधवार शाम हुए दर्दनाक हादसे के बाद गुरुवार को सांवेर नगर में गमगीन माहौल रहा। भवन की दीवार गिरने से जान गंवाने वाली चार महिला मजदूरों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई। चारों शवयात्राएं जब एक साथ नगर की सड़कों से गुजरीं तो बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। एक साथ चार अर्थियां देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
हादसे में बुधवार शाम करीब 4 बजे सात लोग घायल हुए थे। इनमें चार महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन महिलाओं का उपचार जारी है। हादसे की खबर के बाद से ही पूरे नगर में शोक की लहर है।
गुरुवार को निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधि एवं नेता भी शामिल हुए। लोगों ने नम आंखों से मृतक महिलाओं को अंतिम विदाई दी। हादसे ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है। मृतक सभी महिलाएं मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं।