मुख्यमंत्री ने तबादला सूची को दी हरी झंडी; ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, शाजापुर समेत कई जिलों में बदलाव की तैयारी
भोपाल। प्रदेश में अगले कुछ दिनों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर, संभागायुक्त, विभागाध्यक्ष और शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की तबादला सूची को मंजूरी दे दी है। कुछ संशोधनों के बाद सूची जारी होने की संभावना है। इसके साथ ही विभाग स्तर पर भी अधिकारियों के तबादले किए जा सकते हैं।
मंत्रालय सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के बीच तबादला सूची को लेकर चर्चा हो चुकी है। प्रस्तावित फेरबदल में ग्वालियर, शाजापुर, रायसेन, खंडवा, बड़वानी, नीमच, सीहोर, टीकमगढ़, गुना और सतना समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा जिलों के कलेक्टर बदले जाने की संभावना है। तबादला आदेश एक साथ जारी होने के बजाय अलग-अलग भी जारी किए जा सकते हैं।
तीन संभागों में नए कमिश्नर की तैयारी
संभागायुक्त स्तर पर भी बदलाव प्रस्तावित हैं। चंबल संभागायुक्त सुरेश कुमार पिछले महीने सेवानिवृत्त हो चुके हैं। फिलहाल ग्वालियर संभागायुक्त मनोज खत्री के पास चंबल का अतिरिक्त प्रभार है। नई सूची में चंबल और ग्वालियर संभाग को नए कमिश्नर मिल सकते हैं। जबलपुर संभागायुक्त के स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
आधा दर्जन से ज्यादा विभागाध्यक्ष बदलेंगे
प्रशासनिक फेरबदल केवल जिलों तक सीमित नहीं रहेगा। आधा दर्जन से ज्यादा विभागाध्यक्षों की जिम्मेदारियां बदले जाने की चर्चा है। इनमें उद्योग और पीएचई से जुड़े विभागाध्यक्ष भी शामिल बताए जा रहे हैं। मंत्रालय स्तर पर सचिव, प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव संभव है।
पुलिस महकमे में भी फेरबदल
प्रशासनिक बदलाव के साथ पुलिस महकमे में भी तबादले की तैयारी है। आधा दर्जन से ज्यादा जिलों के एसपी, रेंज आईजी और पुलिस मुख्यालय स्तर के अधिकारियों की पदस्थापना बदली जा सकती है। ग्वालियर आईजी का पद करीब दो महीने से खाली है और फिलहाल इसका प्रभार ग्वालियर डीआईजी के पास है। आगामी सूची में ग्वालियर को नया आईजी मिलने की संभावना है।